ई-अटेंडेंस ना लगाने वाले अतिथि शिक्षकों का रूकेगा मानदेय
भोपाल। मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षकों की ई-अटेंडेंस को लेकर सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यदि 18 जुलाई से नियमित रूप से ’हमारे शिक्षक’ ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज नहीं की गई, तो संबंधित अतिथि शिक्षकों को अनुपस्थित माना जाएगा और उनका मानदेय रोक दिया जाएगा।
जुलाई माह के पहले पंद्रह दिनों में ई-अटेंडेंस व्यवस्था अपेक्षित रूप से सफल नहीं रही। कई जिलों से ई-अटेंडेंस अपलोड न होने की शिकायतें सामने आईं। इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अनुपस्थित शिक्षकों की रिपोर्ट तैयार की जाए और ई-अटेंडेंस को सख्ती से लागू किया जाए। शिक्षा विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि ‘हमारे शिक्षक’ ऐप के माध्यम से अटेंडेंस दर्ज न करने वाले अतिथि शिक्षकों को अब अनुपस्थित माना जाएगा और उनका मानदेय रोका जाएगा। इस निर्णय पर अतिथि शिक्षक संघ ने विरोध जताया है। संघ का कहना है कि जब तक उन्हें छुट्टी और अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रदान नहीं की जातीं, वे ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे। अतिथि शिक्षकों का कहना है कि बिना सुविधाओं के डिजिटल प्रणाली लागू करना एकतरफा निर्णय है।
