इंदौर ने आठवीं बार स्वच्छता रैंकिंग में प्राप्त किया शीर्ष स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश फिर होगा गौरवान्वित
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार में मध्यप्रदेश एक बार फिर से गौरवान्वित होगा। उन्होंने बताया कि आगामी 17 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा मध्यप्रदेश के आठ शहरों को स्वच्छता की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि पर सभी स्वच्छता कर्मी, नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष, पार्षद, अधिकारी और कर्मचारियों सहित नागरिकों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इंदौर शहर को स्वच्छता के लिए सुपर स्वच्छ श्रेणी लीग में आठवीं बार सम्मानित किया जाएगा। इंदौर पूर्व में सात बार देश के स्वच्छतम शहर का पुरस्कार प्राप्त कर चुका है। विगत वर्षों में श्रेष्ठ प्रदर्शन और भविष्य की संभावनाओं के आधार पर स्वच्छ लीग पुरस्कार इस वर्ष इंदौर को दिया जाएगा। उज्जैन को 3 से 10 लाख जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में स्वच्छ लीग पुरस्कार प्राप्त होगा, जो गर्व का विषय है। इसी प्रकार 20 हजार से कम आबादी वाले नगरों की श्रेणी में बुधनी नगर को भी सम्मानित किया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ राजधानी के रूप में सम्मानित होगा भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजधानी भोपाल प्राकृतिक सुंदरता के अलावा स्वच्छता के क्षेत्र में भी आदर्श बना है और इस आधार पर देश की सर्वश्रेष्ठ राजधानी के रूप में सम्मानित होगा। विभिन्न श्रेणियों में ग्वालियर, देवास, शाहगंज और जबलपुर भी पुरस्कृत किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के इस मापदंड के आधार पर अपने घर, मोहल्ले, कॉलोनी और नगर को स्वच्छ रखें और इस आदर्श जीवन शैली को दुनिया के बीच प्रदर्शित करने का प्रयास करें।
प्रदेश में निवेश बढ़ाने दुबई पहुंचे मुख्यमंत्री
मध्य प्रदेश में निवेश को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रयास जारी है, इसी क्रम में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव 13 से 19 जुलाई तक विदेश प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे यूनाइटेड अरब अमीरात और स्पेन की यात्रा पर रहेंगे, आज रविवार को वे दुबई पहुंचे जहाँ उनका भावभीना स्वागत हुआ, इस टूर पर मुख्यमंत्री निवेशकों के साथ संवाद कर उन्हें मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित करेंगे। इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में 11 जुलाई को आयोजित ‘मध्य प्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025’ में उद्योग, होटल, रियल एस्टेट, एजुकेशन, रिन्यूअल एनर्जी, आईटी आदि क्षेत्रों में लगभग 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त करने और इससे प्रदेश में 15 हजार से अधिक रोजगार के नये अवसर सृजित होने की सफलता के बाद मुख्यमंत्री अब विदेशी निवेशकों में मध्य प्रदेश के लिए आमंत्रित करने सात दिवसीय विदेशी दौरे पर गए हैं।
