अप डाउन करने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों पर की जाएगी सख्ती
भोपाल। प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अपने कर्मचारियों के अप डाउन से परेशान हो गया है। इसके चलते मुख्यालय से बाहर रहकर नौकरी करने वालों पर अब सख्ती की जाएगी। अगर अब कर्मचारी-अधिकारी समय पर संबंधित अस्पताल नहीं पहुंचे तो उन पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
दरअसल, भोपाल सीएमएचओ के निर्देश पर आदेश जारी किया गया है, जिसके मुताबिक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को मुख्यालय निवास का शपथ पत्र देना होगा। यह शपथ 7 दिनों के अंदर 100 रुपए के स्टांप पर देना होगा। डॉक्टर से लेकर निचले स्तर के कर्मचारी तक के लिए आदेश लागू किया गया है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी के समय से पहले ही निकलने और तय समय के बाद आने से मरीजों को परेशानी होती थी। जिसके बाद पहली बार ऐसी सख्ती की गई है। 7 दिनों के अंदर जो भी शपथ पत्र नहीं दे सकेगा, उसका वेतन भी काटने के निर्देश दे दिए गए हैं।
