प्रधानमंत्री रोजगार मेले में 261 अभ्यर्थियों को सौंपे गए नियुक्ति-पत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर के 51 हजार नवनियुक्तों को किया संबोधित
भोपाल। राजधानी भोपाल के नर्मदा रेलवे क्लब ऑडिटोरियम, हबीबगंज में शनिवार को प्रधानमंत्री रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पश्चिम-मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के माध्यम से विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित 261 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। इनमें से 201 उम्मीदवार रेलवे विभाग से और 60 अभ्यर्थी अन्य केंद्रीय विभागों जैसे कि बैंकिंग, सीआईएसएफ, डाक विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो आदि से संबंधित हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 51 हजार नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को सरकारी सेवा में प्रवेश के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का एक माध्यम है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। भोपाल में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा-भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार मेला, युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की ओर ले जाने वाला एक प्रभावी और सार्थक प्रयास है।
ऐसा न सोंचे, अब केवल समय काटना है
कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने नव नियुक्त केंद्रीय कर्मचारियों को कर्मचारियों की कैटेगिरी भी बताई। उन्होंने कहा कि आज आपको नियुक्ति पत्र मिल गए हैं। इसके बाद लोग अलग-अलग तरह से बातें सोच सकते हैं। एक तो यह भी दिमाग में आ सकता है आपको जो नियुक्ति पत्र मिल गया, वो सरकारी नौकरी परमानेंट है। अब किसी चीज की चिंता नहीं है। जिंदगी भर का सर्टिफिकेट ले लिया। ऐसा बिलकुल नहीं सोचना है कि नौकरी मिल गई तो केवल समय काटना है।
