शिक्षा में नवाचार और श्रेष्ठ कार्यों के लिए अधिकारियों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार
भोपाल। शैक्षिक प्रशासन में नवाचार और उत्कृष्ट व्यवहार को प्रोत्साहित करने के लिए मध्यप्रदेश के जिला और ब्लॉक स्तर के शिक्षा अधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। यह पुरस्कार नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (एनआईईपीए) द्वारा प्रदान किए जाएंगे।
एनआईईपीए ने शैक्षिक प्रशासन में कार्यरत अधिकारियों की नवाचारी पहलों और श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों को मान्यता देने के उद्देश्य से यह वार्षिक पुरस्कार योजना शुरू की है। योजना के अंतर्गत अधिकतम चार जिला और छह ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों से नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पात्र अधिकारियों के नामांकन समय पर प्रस्तुत करें। चयन प्रक्रिया बहु-स्तरीय मूल्यांकन और विशेषज्ञों द्वारा नवाचारों के गहन सत्यापन के आधार पर की जाएगी। चयनित अधिकारियों को फरवरी-मार्च 2026 में नई दिल्ली में आयोजित एक सम्मेलन में आमंत्रित किया जाएगा, जहां वे अपने नवाचारों का प्रस्तुतीकरण करेंगे और उन्हें पुरस्कार व प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इस आयोजन के माध्यम से इन नवाचारों का प्रचार-प्रसार कर अन्य अधिकारियों को भी प्रेरित किया जाएगा।
