वरिष्ठों की वापसी और युवाओं को मिल सकती है अहम भूमिका
खंडेलवाल को मिली कार्यकारिणी गठन के लिए आलाकमान से हरी झंडी
भोपाल। प्रदेश भाजपा में जल्द ही नई संगठनात्मक टीम की घोषणा की सकती है। हाल ही में पार्टी की कमान संभालने वाले नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से चर्चा की।
सूत्रों की मानें तो इस मुलाकात के बाद खंडेलवाल को भाजपा हाईकमान से नई टीम गठन की अनुमति मिल गई है। माना जा रहा है कि अगले एक महीने के भीतर प्रदेश की नई भाजपा टीम सामने आ सकती है। भाजपा के संगठनात्मक हलकों में यह चर्चा है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के कार्यकाल में सक्रिय रहे वरिष्ठ नेताओं को पुनः जिम्मेदारी दी जा सकती है। खंडेलवाल युवा और अनुभवी नेताओं का समन्वय बनाकर संगठन को नई दिशा देना चाहते हैं।
खण्डेलवाल की टीम में माना जा रहा है कि वरिष्ठ नेताओं और युवाओं का मिश्रण देखने को मिल सकता है। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में युवाओं को संगठन-सत्ता में समन्वय और चुनावी तैयारियों के लिहाज से सक्रिय किया जा सकता है। खंडेलवाल की छवि निर्णयशील और तेज कार्यशैली वाले नेता की रही है, इसके चलते वे अपनी टीम में संगठन को मजबूती देने के लिए वरिष्ठ नेताओं पर ज्यादा जोर देंगे।
बदलाव की दिखाई देगा
सूत्रों की माने तो खंडेलवाल अपनी टीम में पूर्णकालिक समय देने वाले नेताओं को शामिल करने पर जोर देंगे। हालांकि कुछ नेताओं ने पहले ही इसके चलते समय की कमी बताकर संगठनात्मक कार्यों से दूरी बनाए रखी है, इन नेताओं की नई कार्यकारिणी में जगह शायद ही बने। बताया जाता है कि महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नरोलिया वर्तमान में राज्यसभा सदस्य भी है, किसान मोर्चा के प्रमुख दर्शन चौधरी जो वर्तमान में लोकसभा सदस्य हैं, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह वर्तमान में मंत्री है ऐसे नेताओं की कार्यकारिणी में दूरी नजर आ सकती है।
