राष्ट्रव्यापी हड़ताल का राजधानी में दिखा असर, किया प्रदर्शन
भोपाल। केंद्र सरकार की ’श्रमिक विरोधी’ और ’जनविरोधी’ नीतियों के विरोध में आज देशभर में श्रमिकों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहे। हड़ताल का राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में असर दिखाई दिया।
राजधानी भोपाल में भी इस हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। विभिन्न श्रमिक संगठनों से जुड़े कर्मचारी सुबह 10ः30 बजे डाक भवन के पास स्थित इंदिरा प्रेस कॉम्प्लेक्स के सामने एकत्र हुए। इसके बाद सुबह 11 बजे इन कर्मचारियों ने एकजुट होकर एक विशाल रैली निकाली और एक सभा आयोजित की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल के चलते भोपाल में बैंकिंग और डाक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई बैंकों में कामकाज ठप रहा, जिससे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डाकघरों में भी काम बाधित रहा। इसके अलावा, कई अन्य सार्वजनिक सेवाओं पर भी इस हड़ताल का असर देखने को मिला। हालांकि, रेलवे यूनियनों ने इस हड़ताल में सीधे तौर पर हिस्सा नहीं लिया है, लेकिन उन्होंने आंदोलन को अपना नैतिक समर्थन दिया है।
