सड़क दुर्घटना कम करने चलेगा जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम
जारी किए निर्देश, जबलपुर सहित छह जिलों में चलेगा प्रोगाम
भोपाल। प्रदेश के छह जिलों में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम चलाया जाएगा। जिन छह जिलों में यह प्रोग्राम चलाया जाएगा उनमें जबलपुर, धार, सागर, सतना, रीवा एवं खरगोन जिले शामिल हैं। परिवहन विभाग ने सभी कमिश्नर्स एवं जिला कलेक्टर का निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल केन्द्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने देश के 100 ऐसे जिले जहां अधिक संख्या में घातक सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, उन्हें “सेफ लाईफ फाउण्डेशन“ के सर्वे के माध्यम से चिन्हित किया है। देश के चिन्हित इन 100 जिलों में मध्यप्रदेश के 6 जिले चिन्हित किये गये हैं। ये जिले धार, सागर, सतना, रीवा, जबलपुर एवं खरगोन हैं। धार जिले में वर्ष 2023 के आकलन अनुसार सबसे अधिक घातक सड़क दुर्घटनाएं हुई है।
परिवहन विभाग की ओर से सभी कमिश्नर एवं जिला कलेक्टर्स को विस्तृत निर्देश जारी किये गये हैं। मुख्य सचिव द्वारा भी इस कार्य की लगातार समीक्षा की जा रही है। कार्य योजना के तहत सभी जिला कलेक्टर को निर्देश दिए है कि वे जिले में एडीएम अथवा एसडीएम स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करें तथा यह नोडल अधिकारी जिले की सड़क एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक करके संभावित दुर्घटना स्थलों और सड़क कॉरिडोर की जानकारी संकलित करें। ऐसे स्थल अथवा सड़क कॉरिडोर जहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं उन्हें एनआईसी ई-डार पोर्टल से चिन्हित किया जा सकेगा। कुछ ऐसे स्थल, जहां संभावित घातक दुर्घटना हो सकती हैं तथा वर्तमान में छुटपुट दुर्घटनाएं निरंतर हो रही हैं, ऐसे स्थलों की जानकारी जैसे स्थानीय पुलिस, स्थानीय निकायों, आमजन आदि से एकत्रित करने के निर्देश कलेक्टर्स को दिये गये हैं।
