डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरुष डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के सामने स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और पर्यावरण के प्रति संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी का व्यक्तित्व अद्वितीय था। उन्होंने विदेश से उच्च शिक्षा प्राप्त की, लेकिन राष्ट्र की सेवा के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित किया। उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा और फिर जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने एक विधान, एक प्रधान, एक निशान की भावना के साथ भारत की एकता के लिए संघर्ष किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने अपनी मेहनत, तपस्या और त्याग से संगठन की नींव को सींचा है। आज यदि हम जनता के विश्वास के साथ निरंतर सत्ता में हैं, तो इसका कारण यही है कि हम उन्हीं महान विचारों के मार्ग पर अग्रसर हैं। भाजपा संगठन में समानता का भाव है, यहाँ नेता और कार्यकर्ता में सिर्फ दायित्व का अंतर होता है।
