मरम्मत घोटाला, मंत्री ने दिए जांच के आदेश, प्रभारी प्राचार्य निलंबित
भोपाल। शहडोल जिले के ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में मरम्मत कार्यों के नाम पर हुए लाखों रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं।
मंत्री सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहडोल के शासकीय हाई स्कूल सकंदी में निर्माण कार्यों को लेकर मिली शिकायतों की प्राथमिक जांच में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है, जिसके आधार पर प्रभारी प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने लिखा है कि विभाग ऐसे किसी भी मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा सचिव और लोक शिक्षण आयुक्त को इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच का जिम्मा सौंपा गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आगे और भी जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना है।
यह है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत ब्यौहारी के अंतर्गत आने वाले सकंदी और निपानिया गांव के स्कूलों में अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्यों में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। मामूली पुताई, खिड़की-दरवाजे की मरम्मत जैसे कामों के लिए सैकड़ों फर्जी मजदूरों और मिस्त्रियों की एंट्री दर्शाकर लाखों रुपये का भुगतान किया गया।
