कांग्रेस ऐसी गरीब पार्टी, जिसे भारतीय नाम नहीं मिला
‘‘मॉक पार्लियामेंट’’ में बोले मुख्यमंत्री डा मोहन यादव
भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपना नाम ‘कांग्रेस’ क्यों रखा।ये ऐसी गरीब पार्टी है जिसे कोई भारतीय नाम ही नहीं मिला।
आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर भाजपा महिला मोर्चा ने भोपाल में ‘‘मॉक पार्लियामेंट’’ का आयोजन किया। पीपुल्स ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सहित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, सांसद वीडी शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नरोरिया, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि सबसे पहला सवाल तो ये ही उठता है कि इस पार्टी ने अपना नाम ‘कांग्रेस’ क्यों रखा। उन्होंने कहा कि ये ऐसी गरीब पार्टी है जिसे कोई भारतीय नाम ही नहीं मिला।
मुख्यमंत्री डा यादव ने कहा कि आपातकाल का खतरा अभी खत्म नही हुआ है..इसके जर्म्स अभी जिंदा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बाबा साहब अंबेडकर के नाम पर झूठ परोस रही है जबकि कांग्रेस ने ही उन्हें चुनाव नहीं जीतने दिया। यही वो पार्टी है जिसने डॉ अंबेडकर की हमेशा उपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता जानती है कि कांग्रेस नकली पार्टी है और उनके छलावे में अब कोई नहीं आने वाला है।
’भाई हमेशा टी-शर्ट में घूमता है
मुख्यमंत्री डा यादव ने कहा कि “हमारा भारतीय वस्त्र कुर्ता-पायजामा है लेकिन हमारा भाई हमेशा टी-शर्ट में ही घूमता रहता है। अटल बिहारी वाजपेई 50 साल तक विपक्ष में रहे। कई सालों तक विपक्ष के नेता रहे। जब बांग्लादेश से युद्ध का मामला आया तो उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए साक्षात दुर्गा की संज्ञा दी थी. इस तरह उन्होंने देश का हौसला बढ़ाया।
लोकतंत्र को हानि पहुंचाने का काम किया कांग्रेस ने
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आपातकाल लगाकर इंदिरा गांधी ने देश के लोकतंत्र को घुटने तले दबा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के लोकतंत्र का हानि पहुंचाने का काम किया। हमारा देश सामूहिक नेतृत्व में विश्वास करता है, लेकिन इंदिरा गांधी ने इंदिरा इज इंडिया, इंडिया इज इंदिरा नारा देकर हमारे लोकतंत्र का अपमान किया था।
लोकतंत्र की हत्या हुई थी आपातकाल में
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के खिलाफ न्यायलय ने जब इंदिरा गांधी को 6 वर्ष चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किया, तो बाबा साहेब के संविधान को कुचलते हुए उन्होंने लोकतंत्र की हत्या कर दी और देश में आपातकाल लगा दिया। उन्होंने कहा कि हम उस समय स्कूल में पढ़ते थे और उस समय इमरजेंसी का विरोध करने पर विद्यार्थियों को भी जेल में डाल दिया गया। भाजपा नेताओं ने इस कार्यक्रम में कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया।
