बढ़ते अपराधों के विरोध में कांग्रेस ने हाथ बांध कर किया प्रदर्शन
भोपाल। प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों और गेमिंग ऐप के जरिए जिंदगी हार रहे लोगों के बढ़ते मामलों को लेकर राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने रस्सी से हाथ बांधकर गुरुवार को अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से सवाल पूछे हैं।
प्रदेश कांग्रेस नेताओं द्वारा आज प्रदेश कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष मुकेश नायक एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मिथुन अहिरवार द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान यह प्रदर्शन किया गया। अहिरवार ने कहा कि भाजपा डिजिटल इंडिया नहीं बल्कि डिजिटल ट्रैप की सरकार है। वह ऑनलाइन सट्टा, फर्जी लोन ऐप्स और डिजिटल ठगी को खुली छूट देकर अपनी सत्ता बचा रही है। अहिरवार ने कहा कि सरकार ने बलात्कारियों के आगे सरेंडर किया। प्रदेश में रोज 20 बलात्कार हो रहे हैं। वहीं, प्रदेश के डीजीपी बयान दे रहे हैं कि बलात्कार रोकना अकेले पुलिस के बस की बात नहीं। अगर पुलिस के हाथ बंधे हैं तो क्या डीजीपी यह मान चुके हैं कि सरकार ने बलात्कारियों के आगे सरेंडर कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर समाज परफेक्ट हो जाएगा, तो फिर पुलिस की जरूरत ही क्यों होगी? अहिरवार ने कहा कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को “बंधन हाथों वाला अध्यक्ष“ करार दिया। उन्होंने कहा कि इंदौर में एक युवक ने जुए के पचास हजार रुपए के बदले पत्नी को दोस्तों के साथ संबंध बनाने पर मजबूर किया। रायसेन में एक बैंक कर्मचारी अंकित चौरे ने ऑनलाइन गेमिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
कांग्रेस ने रखी ये मांगें
पुलिस महानिदेशक के बयान पर मुख्यमंत्री को सफाई देनी चाहिए कि यह निजी राय है या सरकार की नीति, फर्जी लोन ऐप्स, डिजिटल ठगी और ऑनलाइन सट्टे पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए और साइबर सेल को सशक्त कर सख्त कानून लागू हों।
