नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व की सैर होगी महंगी
1 अक्टूबर से बढ़ेगा प्रवेश शुल्क, विदेशी सैलानियों को देना होगा दोगुना किराया
भोपाल। मध्यप्रदेश में वन्यजीव प्रेमियों को अब नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व की सैर के लिए ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी। राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी संरक्षित क्षेत्रों के प्रवेश शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है, जो 1 अक्टूबर से लागू किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से खासतौर पर वे पर्यटक प्रभावित होंगे जो हर साल जंगल सफारी का लुत्फ उठाने टाइगर रिजर्व पहुंचते हैं। बढ़ा हुआ शुल्क देशी और विदेशी, दोनों पर्यटकों पर लागू होगा। वर्तमान में सोमवार से शुक्रवार तक छह लोगों के एक समूह के लिए प्रवेश शुल्क 2400 रूपए और शनिवार-रविवार को तीन रूपए है। एक अक्टूबर के बाद यह शुल्क क्रमशः 2640 रूपए और 3300 रूपए हो जाएगा। यह शुल्क केवल प्रवेश का है, इसमें जिप्सी का किराया शामिल नहीं है, जो दो हजार से साढ़े तीन हजार तक अलग से देना होता है। विदेशी सैलानियों से पहले से ही दोगुना शुल्क लिया जाता है। अब बढ़े हुए शुल्क का भी उन्हें दुगना भुगतान करना होगा, जिससे उनकी जंगल सफारी और भी महंगी हो जाएगी।
बुकिंग केवल एमपी ऑनलाइन पोर्टल से
प्रदेश सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब सभी टाइगर रिजर्व और नेशनल पार्कों की बुकिंग सिर्फ एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही होगी। इससे न केवल पारदर्शिता बनी रहेगी, बल्कि अवैध और अनधिकृत टिकटों पर भी रोक लगेगी।
