आवासीय परिसर में व्यावसायिक गतिविधि, लेना होगा व्यावसायिक श्रेणी का विद्युत कनेक्शन
पकड़ाए तो भरना होगा जुर्माना,
भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने घरेलू बिजली कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग कर रहे उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है। कंपनी ने ऐसे उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने कनेक्शन को घरेलू से गैर-घरेलू (व्यावसायिक) श्रेणी में परिवर्तित करवा लें, नहीं तो ऐेसे उपभोक्ताओं से जुर्माना वसूल किया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, यदि आप अपने आवासीय परिसर में रेस्ट हाउस, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट, निजी हॉस्टल, कोचिंग क्लासेस, ब्यूटी पार्लर या इसी तरह की अन्य व्यावसायिक गतिविधियाँ चला रहे हैं, तो आपको अपने बिजली कनेक्शन का प्रयोजन बदलना होगा. इसके लिए आप मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सरल संयोजन पोर्टल या उपाय ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सघन जांच अभियान और जुर्माना
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता ने जिस उद्देश्य के लिए बिजली कनेक्शन लिया है, उसी के अनुसार बिजली का उपभोग करें. यदि किसी उपभोक्ता ने घरेलू लाइट और पंखे का कनेक्शन लिया है, तो वे केवल उस परिसर को निवास के रूप में उपयोग करें। कंपनी ने बताया कि एक सघन जाँच अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान यदि किसी आवासीय परिसर में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित पाई जाती है, तो उसे गैर-घरेलू प्रयोजन में माना जाएगा और दोषी उपभोक्ता से जुर्माना वसूल किया जाएगा।
