18 आयुर्वेद कॉलेजों को मिली मान्यता, 16 पर फैसला बाकी
भोपाल। केंद्रीय आयुष मंत्रालय और नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन नई दिल्ली ने मध्य प्रदेश के 18 आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए मान्यता प्रदान कर दी है। इनमें 7 सरकारी और 11 निजी आयुर्वेद कॉलेज शामिल हैं।
मान्यता प्राप्त सरकारी कॉलेजों में भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, इंदौर और बुरहानपुर के आयुर्वेद कॉलेज शामिल हैं। भोपाल स्थित पंडित खुशीलाल शर्मा सरकारी आयुर्वेद कॉलेज को 75 यूजी (अंडरग्रेजुएट) और 74 पीजी (पोस्टग्रेजुएट) सीटों की मंजूरी मिली है। इसके अतिरिक्त, भोपाल के स्कूल ऑफ आयुर्वेद साइंस, सरदार अजीत सिंह स्मृति आयुर्वेद कॉलेज, रामकृष्ण कॉलेज ऑफ आयुर्वेद और मानसरोवर आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज को 100-100 यूजी बीएएमएस (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) सीटों पर मान्यता दी गई है।
हालांकि, प्रदेश के 16 अन्य आयुर्वेद कॉलेजों की मान्यता पर फैसला अभी लंबित है। गौरतलब है कि देशभर में भी कुल 482 आयुर्वेद कॉलेजों की मान्यता का निर्णय अभी बाकी है।मध्य प्रदेश के 18 आयुर्वेद कॉलेजों को 2025-26 सत्र के लिए मिली मान्यता, 16 पर फैसला बाकी है।
