दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने नहीं की ज्वाइनिंग
आरक्षक भर्ती में सॉल्वर कांड की जांच गहराई
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस की वर्ष 2023 की आरक्षक भर्ती में सॉल्वर के जरिए परीक्षा पास करने वालों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस के मुताबिक अब तक चयनित 6423 अभ्यर्थियों में से दो हजार से अधिक ने नियुक्ति के बाद भी ज्वाइनिंग नहीं की है।
बड़ी संख्या में ज्वाइन ना करने को लेकर फिर संदेह गहराया है कि कहीं इन अभ्यर्थियों ने फर्जी तरीके से परीक्षा तो नहीं दी। इन सभी अभ्यर्थियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यदि समय पर जवाब नहीं मिला, तो पुलिस जांच शुरू करेगी। पुलिस को आशंका है कि इनकी भूमिका भी सॉल्वर कांड से जुड़ी हो सकती है।
गौरतलब है कि 2023 में पुलिस आरक्षक के 7411 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। लेकिन ओबीसी आरक्षण विवाद के चलते 13 प्रतिशत यानी करीब 988 पदों को फिलहाल रोक दिया गया था। बची हुई 6423 रिक्तियों पर नियुक्तियां हुईं। इसी दौरान सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा में खुद के बजाय सॉल्वर को बैठाया था। अब तक ऐसे 31 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिन पर राज्य के विभिन्न जिलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। फर्जीवाड़ा बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट में बदलाव के आधार पर सामने आया, जब अभ्यर्थियों द्वारा बार-बार फिंगरप्रिंट अपडेट कराने की जानकारी मिली। पुलिस अब इन मामलों की बारीकी से जांच कर रही है।
