लंबे इंतजार के बाद भाजपा को मिला नया प्रदेश अध्यक्ष
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा,
भोपाल। भाजपा को करीब दस महीने के इंतजार के बाद अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। बैतूल से पार्टी विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम निर्विरोध सामने आया है। खंडेलवाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पसंदीदा बताए जाते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और केंद्रीय नेतृत्व ने भी उनके नाम पर सहमति जताई है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यसमिति की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हेमंत खंडेलवाल के नाम की औपचारिक घोषणा की गई। इस बैठक में चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, संगठन चुनाव की पर्यवेक्षक और प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक शेजवलकर ने हेमंत खंडेलवाल के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद पर औपचारिक घोषणा से पहले ही भोपाल में हेमंत खंडेलवाल को बधाई देने वाले पोस्टर लग गए थे। खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा की जगह 1964 दिन बाद आज बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार 1 जुलाई को हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल किया था। सिंगल नॉमिनेशन होने के चलते कल ही ये तय हो गया था कि हेमंत नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। आज 2 जुलाई बुधवार को उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
शर्मा ने सौंपा पार्टी का ध्वज
भाजपा के नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा के बाद सांसद और पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा ने हेमंत खंडेलवाल को पार्टी का ध्वज सौंपा। शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने टीम भावना के साथ मिलकर इतिहास बनाया है। 41 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है। बूथ-बूथ पर समर्पण के साथ मप्र बनाने का काम किया है। मेरे 5 साल 4 महीने के कार्यकाल में किसी व्यवहार से किसी को चोट पहुंची हो तो मैं क्षमा प्रार्थना करता हूं।
हमारे लिए जनता से जुड़ाव है राजनीति
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हेमंत खंडेलवाल को बधाई दी हैं। उन्होंने कहा किऋतुओं में सब ऋतुओं का मजा आता है, लेकिन हेमंत ऋतु की बात ही कुछ अलग है। इस ऋतु के बाद ही सब त्योहार शुरू हो जाते हैं। दशहरा, दीवाली सब त्योहार आते हैं, अब शुरुआत तो अध्यक्ष जी के साथ ही करना पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति हमारे लिए जनता से जुड़ाव है। हमें अपनी भूमिका और मजबूती से निभानी है।
शिवराज ने कहा आदर्श विधायक हैं हेमंत
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडी शर्मा और उनकी टीम को हृदय से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वीडी शर्मा के नेतृत्व में भाजपा ने अनेकों सफलताएं अर्जित कीं है, उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं। पहले जो काम हेमंत जी को दिया, उन्होंने सहजता के साथ काम पूरे किए। हेमंत खंडेलवाल आदर्श विधायक हैं। स्कूलों में सुधार का सुझाव हेमंत ने दिया था। इनके सजेशन पर ही सीएम राइज स्कूल की योजना बनाई गई थी।
कांग्रेस को दी चुनौती
हेमंत खंडेलवाल ने अध्यक्ष पद ग्रहण करते ही कांग्रेस को चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि जैसा चुनाव भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष का कराया है, वैसा चुनाव कांग्रेस पार्षद चयन का भी कर के दिखा दें। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे पद नहीं दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर अब तक 27 अध्यक्ष रहे, कुशाभाऊ ठाकरे ने भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा आदर्श संगठन बनाया। वहीं उन्होंने अटलजी से लेकर राजमाता सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के कामों का जिक्र किया। हेमंत ने कहा कि भाजपा की बुलंदी को बरकरार रखना है और आगे भी बढ़ाना है। उन्होंने आगे कहा कि मैं आम कार्यकर्ता हूं। भाजपा क्षमता अनुसार पद पर बैठाती है। हम सबको मिलकर नया इतिहास गढ़ना है। वहीं हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराया है, वैसे ही कांग्रेस पार्टी पार्षद चयन का भी कर के दिखाए।
