निजी स्कूलों में मनमानी, जांच के निर्देश
भोपाल। निजी स्कूलों में कमीशनखोरी कोई नई बात नहीं है। कापी किताब से लेकर ड्रेस, जूते तक में निर्धारित दुकानों से खरीदी अनिवार्य कर कमीशनखोरी की जाती है। कमीशनखोरी का मामला अब कलेक्टर जनसुनवाई तक पहुंच गया है। मामले में प्रशासनिक अधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को फटकार लगाई है।
कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने नारायणा स्कूल सहित कई बड़े निजी स्कूलों के खिलाफ कमीशनखोरी के प्रमाणों के साथ जनसुनवाई में शिकायत की। विवेक त्रिपाठी ने जांच कर जबलपुर की तरह भोपाल में भी शिक्षा माफिया और स्कूल संचालकों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। एडीएम निधी चौकसे ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम अर्चना शर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र अहिरवार को मनमानी करने वाले निजी स्कूलों की जांच के निर्देश दिए है।
