कब्रिस्तान की जमीन पर गौशाला का भूमिपूजन, मुस्लिम समुदाय का विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने उठाया सवाल, पूछा हम मरे हुओं को कहां दफनाएंगे?
भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र के अकबरपुर बंजारी इलाके में वक्फ बोर्ड की पंजीकृत कब्रिस्तान भूमि पर गौशाला के लिए भूमिपूजन किए जाने के विरोध में सोमवार को ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने वक्फ बोर्ड कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सांकेतिक कब्रें बनाईं, कफन ओढ़कर जमीन पर लेट गए और विरोध जताते हुए पूछा कि अगर कब्रिस्तान पर मॉल और गौशालाएं बनेंगी, तो हम अपने मरे हुओं को कहां दफनाएंगे? प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कमेटी के संरक्षक शमसुल हसन ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में एक समय 189 पंजीकृत कब्रिस्तान थे, लेकिन अब केवल 22 ही बचे हैं। उन्होंने कहा कि कब्रिस्तानों की जमीनों पर योजनाबद्ध ढंग से कब्जे किए जा रहे हैं। कोलार में वक्फ की जमीन पर कथित रूप से कांग्रेस नेता द्वारा कब्जा कर भाजपा विधायक से भूमिपूजन भी करवा लिया गया है। शमसुल हसन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो कमेटी इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का रुख करेगी।
प्रदर्शन के दौरान समिति ने वक्फ बोर्ड को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि अकबरपुर स्थित कोलार कब्रिस्तान की 0.620 हेक्टेयर जमीन पर अवैध निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। कमेटी ने इसे न केवल भूमि पर अतिक्रमण, बल्कि मुस्लिम समुदाय की आस्था, पहचान और बुजुर्गों के सम्मान पर हमला बताया। समिति द्वारा सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि कब्रिस्तान की जमीन पर चल रहे निर्माण को तत्काल रोका जाए, कब्जा हटाने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। वक्फ की संपत्तियों को कब्जा मुक्त कराने की व्यापक मुहिम शुरू की जाए, इस मामले में दोषी पाए गए अधिकारियों और नेताओं पर एफआईआर हो।
