हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के नेतृत्व में गठित कमेटी के निर्णय का सरकार करेगी पालन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को भ्रमित कर रही है कांग्रेस
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर की घटना को लेकर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के नेतृत्व में गठित कमेटी जो निर्णय करेगी, सरकार उसका पालन करेगी। कांग्रेस ग्वालियर की घटना को लेकर जनता को भ्रमित कर रही है, उसकी वास्तविकता को देश और प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है और उनका यह आडंबर चलने वाला नहीं है।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही। वे आज पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर की घटना को लेकर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के नेतृत्व में गठित कमेटी जो निर्णय करेगी, प्रदेश सरकार उसका पालन करेगी। ग्वालियर की घटना को लेकर जनता को भ्रमित करने वाली कांग्रेस पार्टी को यह बताना चाहिए कि 55 सालों तक जब देश-प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें थीं, तब उन सरकारों ने महू स्थित बाबा साहब की जन्मस्थली के विकास के लिए क्या किया था? कांग्रेस की सरकारों ने बाबा साहब की दीक्षाभूमि की चिंता नहीं की। यही नहीं बल्कि बाबा साहब की पार्थिव देह को जिस विमान से अंतिम संस्कार के लिए मुंबई लाया गया था, उसका किराया भी कांग्रेस की सरकार ने बाबा साहब की पत्नी से मांगा था।
कांग्रेस को देश से मांगनी चाहिए माफी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया है, जिसके लिए उसे देश से माफी मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश में तेजी से जनाधार खो रही है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने धारा 370 का विरोध किया था, उसके बावजूद कांग्रेस की सरकार ने दबाव डालकर संविधान में अनुच्छेद 370 जोड़ा था। बाबा साहब की आत्मा उस दिन रोई थी, जब जम्मू-कश्मीर में अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों को धारा 370 के माध्यम से उनके अधिकारों से वंचित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने डॉ. अंबेडकर को लोकसभा का चुनाव जीतने नहीं दिया। बाबा साहब के बनाए संविधान को कुचलते हुए कांग्रेस पार्टी ने आपातकाल का कलंक देश के माथे पर लगाया था। इसलिए वह बाबा साहब और उनके बनाए संविधान का नाम लेकर अपने पुराने पाप छुपाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस जो ढोंग कर रही है, उसकी वास्तविकता को देश और प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है और उनका यह आडंबर चलने वाला नहीं है।
कांग्रेस रही है दोहरे चरित्र वाली पार्टी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि ग्वालियर की घटना न्यायालयीन मामला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश सरकार न्यायालय के हर आदेश का सम्मान करती है और पूरी संवदेनशीलता के साथ काम करती है। कांग्रेस हमेशा से दोहरे चरित्र वाली पार्टी रही है तथा झूठ, छल, कपट की राजनीति करती रही है। कांग्रेस पार्टी ने जीते जी तो बाबा साहब का अपमान किया ही, मरणोपरांत उनके विचारों के साथ भी अन्याय करती रही है। कांग्रेस ने बाबा साहब के सिद्धांतों को दरकिनार किया और जब तक कांग्रेस की सरकार रही, बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया।
संविधान पर हमला बर्दाश्त नहीं : पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज भोपाल में आयोजित “संविधान सत्याग्रह“ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हम बाबा साहब अंबेडकर के विचारों और उनके द्वारा रचित संविधान की रक्षा के लिए हर मंच से संघर्ष करेंगे। ग्वालियर में मूर्ति स्थापना को लेकर जो विवाद खड़ा किया गया है, वह सिर्फ बाबा साहब पर नहीं, पूरे भारत के लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्थापना को लेकर खड़ा किया गया विवाद अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह संविधान विरोधी ताकतों की सुनियोजित साजिश है, जो देश के मूलभूत सिद्धांतों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।
