अवैध कब्जाधारियों पर कार्रवाई करेगा वक्फ बोर्ड
भोपाल। मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड अब वक्फ की संपत्ति पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर चुका है। बोर्ड ने प्रदेशभर में ऐसे पांच सौ कब्जाधारियों को नोटिस देने की तैयारी की है। नोटिस के बाद भी अगर कब्जाधारियों ने कब्जा नहीं हटाया तो बोर्ड बेदखली की कार्रवाई करेगा।
मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड वक्फ माफियाओं पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। हाल ही में बोर्ड ने तीन वक्फ माफियाओं के खिलाफ करोड़ों रुपये की रिकवरी के नोटिस जारी किए हैं। अब वक्फ बोर्ड ने पूरे प्रदेश से वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों की सूची तैयार की है। बोर्ड जल्द ही प्रदेशभर में 500 से अधिक वक्फ ज़मीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नोटिस जारी करेगा। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने जानकारी दी कि पहले चरण में कब्जाधारियों को रिकवरी का नोटिस भेजा जाएगा और यदि आवश्यकता पड़ी तो उनके खिलाफ बेदखली की कार्रवाई भी की जाएगी।
बोर्ड ने हाल ही में भोपाल स्थित जीवन रेखा अस्पताल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सनवर पटेल के अनुसार जीवन रेखा अस्पताल वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर वर्षों से अवैध रूप से काबिज था। जांच के बाद जिला कलेक्टर के आदेश पर अस्पताल की तालाबंदी कर दी गई है।
6 बाबा साहब आंबेडकर की मूर्ति स्थापना को लेकर कांग्रेस का उपवास 25 को
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस द्वारा ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्थापना के समर्थन में 25 जून को ग्वालियर एक दिवसीय उपवास किया जाएगा। कांग्रेस के इस उपवास में प्रदेश कांग्रेस के वरिश्ठ नेता ष्शामिल होंगे।
मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्थापना के समर्थन में 25 जून को ग्वालियर में सूर्या नमस्कार तिराहा पर 1 दिवसीय उपवास का आयोजन किया जा रहा है। इस उपवास में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। नायक ने कहा कि जिस व्यक्ति ने इस देश को संविधान दिया, उस डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में स्थापित होनी चाहिए, और इस पर कोई विरोध नहीं किया जाना चाहिए। इस विषय को जातिगत संघर्ष का रूप देने की कोशिश करने वालों की हम कड़ी आलोचना करते हैं।
भाजपा मनाएगी संविधान हत्या दिवस
25 जून को भाजपा संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाएगी। 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के दिन पर भाजपा हर साल आपातकाल दिवस का आयोजन करती रही है। इस बार 25 जून को संविधान हत्या दिवस का नाम दिया गया है। भाजपा के 25 जून को भोपाल में होने वाले संविधान हत्या दिवस के कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सीआर पाटिल बतौर मुख्य वक्ता होंगे। इस कार्यक्रम में मीसाबंदियों का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी इंदौर जिले में, केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार सागर, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे ग्वालियर, केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर उज्जैन, केन्द्रीय मंत्री डीडी उईके नर्मदापुरम के कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश भर में होने वाले कार्यक्रमों में वक्ता के रूप में केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, मुख्यमंत्री और मंत्री अलग-अलग जिलों में जाकर आपातकाल की विभीषिका बताएंगे।
