सड़कों का घटिया निर्माण, तीन एजेंसियों पर होगी कार्रवाई
भोपाल। लोक निर्माण विभाग तीन निर्माण एजेसियों पर कार्रवाई करेगा। इनमें अनूपपुर की दो और बुरहानपुर की निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई होगी। विभाग की सड़कों का घटिया निर्माण करने और काम समय पर पूरा नहीं करने के मामले में इन एजेसियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
दरअसल, पीडब्ल्यूडी की सात टीमों ने 35 कार्यों का निरीक्षण किया था, जिसमें बैतूल, बालाघाट, श्योपुर, बुरहानपुर, अनूपपुर, मंदसौर और दमोह शामिल हैं। 35 कार्यों में 14 पीडब्ल्यूडी के सड़क और पुल, 11 कार्य पीआईयू के भवन, 6 एमपी सड़क विकास निगम, 3 एमपी भवन विकास निगम और 1 कार्य एनएचएआई का था। निरीक्षण के दौरान अनूपपुर में अनूपपुर-दर्री खेरखा मार्ग का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया. ऐसे में ठेकेदार मैसर्स गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड गुरुग्राम के खिलाफ जांच के निर्देश दिए गए हैं, जबकि बुरहानपुर में सिवाल-केरपानी-अमूल्ला परेठा मार्ग में कार्य समय पर पूरा नहीं होना पाया गया। ऐसे में मैसर्स केजी गुप्ता इन्फ्रास्ट्रक्चर इंदौर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. वहीं अनूपपुर जिले में कमरोद-चटुआ-टंकीटोला मार्ग के कार्य पर मैसर्स सिद्धि विनायक बिल्डर्स एंड सप्लायर्स शहडोल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
