जल संरक्षण अभियान का समापन होगा 30 को खंडवा में
भोपाल। प्रदेश में जल संरक्षण के लिए चलाए गए जल संरक्षण अभियान का समापन एवं वाटरशेड सम्मेलन 30 जून को खंडवा जिले में होगा। इस अभियान में खंडवा जिले में जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय काम किए गए हैं, जिसे देखते हुए समापन कार्यक्रम वहां तय किया गया है।
प्रमुख सचिव ग्रामीण विकास दीपाली रस्तोगी ने अभियान के तहत अब तक हुई गतिविधियों एवं प्राप्त उपलब्धता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान में खंडवा जिले में जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय काम हुआ है। इसीलिए अभियान का समापन समारोह भी खंडवा में ही प्रस्तावित है। समापन समारोह में खण्डवा जिले के निकटवर्ती खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर एवं अन्य जिलों के प्रतिभागी शामिल होंगे। समापन समारोह में खण्डवा में प्रदेश के सभी 20 हजार जलदूत सहित वाटरशेड परियोजनाओं के सभी उपयोगकर्ता दल, सभी स्व-सहायता समूह, कृषक उत्पादक संगठनों के सभी सदस्य, वाटर शेड समितियों के पदाधिकारी, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच, अमृत सरोवरों के उपयोगकर्ता दलों के सदस्य, इस अभियान के तहत निर्मित खेत तालाबों के हितग्राही, विभिन्न विभागों के जल संरक्षण कार्यों के हितग्राही सहित करीब 50 हजार प्रतिभागी शामिल होंगे।
जल संरक्षण में अच्छा काम करने वाले होंगे सम्मानित
प्रमुख सचिव ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में प्रदेश के प्रत्येक वाटरशेड जिले की एक वाटरशेड कमेटी के अध्यक्ष, प्रत्येक वाटरशेड जिले के एक डब्ल्यूडीटी सदस्य, सर्वाधिक खेत तालाब, कूप पुनर्जलभरण कराने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच तथा नगरीय क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ जल संरक्षण कार्य करने वाले निकायों के महापौर, अध्यक्ष को मंच से सम्मानित किया जाएगा।
