पीए से बोले मंत्री, मेरी बातों की रिकॉर्डिंग करो
मीडिया से चर्चा के दौरान सतर्क दिखे मंत्री विजय शाह
भोपाल। कर्नल सोफिया को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद लंबे समय से सार्वजनिक मंचों से दूरी बनाए रखने वाले मंत्री विजय शाह अब हर कदम फूंक-फूंक कर रख रहे हैं। शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खंडवा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री शाह मीडिया से रूबरू हुए, लेकिन बातचीत शुरू करने से पहले ही उन्होंने अपने निजी सहायक (पीए) से स्पष्ट कहा कि “मेरी सारी बातों की मोबाइल पर रिकॉर्डिंग करो, बाद में ये मीडिया वाले कुछ भी चला देते हैं।“
कार्यक्रम के दौरान मंत्री शाह ने सीमित रूप से हल्का-फुल्का व्यायाम किया, लेकिन योगाभ्यास में भाग नहीं लिया। उन्होंने इसका कारण घुटनों के ऑपरेशन को बताया और कहा कि चिकित्सकीय सलाह के चलते वे योग में पूरी तरह शामिल नहीं हो सके। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सराहना करते हुए उन्हें श्रेष्ठ योगगुरु बताया। उनके अनुसार, “एक नरेंद्र (मोदी) ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई, तो दूसरे नरेंद्र (डॉ. यादव) ने प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाया।“
उल्लेखनीय है कि मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया को लेकर दिए गए बयान के बाद कानूनी विवादों का सामना किया था। यह पहला मौका था जब वे सार्वजनिक रूप से मीडिया से मुखातिब हुए और पूरे समय सतर्कता बरतते दिखाई दिए।
