प्रदेश के पुलिस अधिकारी आज जुटेंगे राजधानी में
भोपाल। प्रदेश के पुलिस अधिकारी कल रविवार को भोपाल जुटेंगे। अधिकारियों को राज्य में नवीन आपराधिक कानूनों के डिजिटल और एकीकृत क्रियान्वयन की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो जयदीप प्रसाद के नेतृत्व आयोजित की जा रही है। उक्त कार्यशाला में न्यायमूर्ति संजीव एस कलगांवकर, उच्च न्यायालय, मध्यप्रदेश की उपस्थित रहेंगे।
पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में शामिल होने के लिए प्रदेश पुलिस के सभी पुलिस जोन के एडीजी, आईजी के साथ ही सभी जिला पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविवार को भोपाल में जुटने जा रहे हैं। इस दौरान उन्हें भारत सरकार द्वारा लागू नवीन आपराधिक कानूनों का क्रियान्वन डिजिटल फार्म में कैसे करना है, इस संबंध में विस्तार से बताया जाएगा। यह कार्यशाला रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित की जाएगी। भारत सरकार द्वारा लागू नवीन आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, 2023 (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 (बीएनएसएस), एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 (बीएसए) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आपराधिक न्याय प्रणाली के विभिन्न स्तंभों के मध्य डिजिटल समन्वय को मजबूत करने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई है। इसके साथ ही पुलिस, न्यायपालिका, अभियोजन, कारागार, न्यायालय एवं फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की बीच भी डिजिटल समन्वय को सुदृढ़ करने हेतु इंटर- ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) के अंतर्गत यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
