हमारे शिक्षक ई-अटेंडेंस प्रणाली लागू होगी, 23 से होगा ट्रायल
ऑनलाइन उपस्थिति सहित सेवावधि की जानकारी होगी दर्ज
भोपाल। सरकारी शिक्षकों के लिए नई व्यवस्था लागू की है, जिसमें हमारे शिक्षक ई-अटेंडेंस प्रणाली को शामिल किया गया है। इस सिस्टम को 23 जून से लागू किया जा रहा है। 1 जुलाई से यह सभी जिलों में अनिवार्य हो जाएगा। इसके जरिए शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति समेत उनकी समस्त सेवावधि जानकारी दर्ज की जाएगी।
लोक शिक्षण आयुक्त शिल्पा गुप्ता ने सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर इस नई व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने बताया कि एज्यूकेशन 3.0 पोर्टल शुरू किया गया है. जिसमें ‘हमारे शिक्षक’ नाम से ई-गवर्नेंस प्लेटफार्म तैयार किया गया है। आयुक्त ने बताया कि इसके माध्यम से सभी शिक्षकों और विभागीय कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड अपडेट किया जाएगा और शिक्षकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नई व्यवस्था के तहत शिक्षक स्कूल खुलने के निर्धारित समय से एक घंटे के भीतर और बंद होने के समय से आधे घंटे बाद तक ही उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद हाजिरी लगाने पर आधे दिन का आकस्मिक अवकाश काटा जाएगा, जिसका समायोजन 13 सीएल और 3 ऐच्छिक अवकाश में किया जाएगा।
भुगतान की प्रक्रिया भी उपलब्ध हो सकेगी
जारी आदेश में कहा गया है कि हमारे शिक्षक प्रणाली के माध्यम से आने वाले समय में न केवल शासकीय सेवकों के स्वत्वों से संबंधित आवेदन इस प्लेटफार्म के माध्यम से प्रस्तुत करने की सुविधा प्रदान की जाएगी बल्कि उनके हितलाभ संबंधी जानकारी का संधारण तथा व्यक्तिगत लाभ, स्वत्वों आदि के भुगतान का क्रियान्वयन भी किया जाएगा। इसके तहत अवकाश स्वीकृति एवं अवकाश लेखों का संधारण, कमोन्नति, समयमान वेतनमान का लाभ, वेतन वृद्धि लाभ, परिवीक्षा अवधि, शिक्षकों की प्रशिक्षण की उपस्थिति संधारित कर पात्रता अनुसार अवकाश सुरक्षित करना तथा पेंशन स्वत्वों आदि का भुगतान इस प्लेटफार्म के माध्यम से संधारित किया जाकर निराकरण की कार्यवाही की जाएगी।
