यूथ कांग्रेस के चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी 20 जून से
19 जुलाई की शाम तक चलेगी प्रक्रिया
भोपाल। प्रदेश में युवा कांग्रेस संगठन चुनाव के लिए सदस्यता लेने और मतदान की तारीख तय हो गई है। प्रदेश में 20 जून की सुबह 9 बजे से मतदान और सदस्यता प्रक्रिया शुरू होगी जो 19 जुलाई की शाम तक चलेगी। इसमें मतदान के लिए जो फॉर्मूला तय किया गया है उसके मुताबिक 50 रुपए की सदस्यता फीस जमा कर सदस्य बनने के बाद यूथ कांग्रेस के छह पदों के लिए मतदान कराया जाएगा है।
युवा कांग्रेस के जिन पदों के लिए मतदान कराया जाएगा, उसमें ब्लाक अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष व जिला महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश महासचिव के पद शामिल हैं। एक सदस्य छह वोट डालेगा और इसके बाद होने वाली मतगणना के आधार पर परिणाम सामने आएंगे। युवा कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं वहीं प्रदेश महासचिव पद के लिए 178 प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। चुनाव कार्य से संबद्ध पदाधिकारियों के अनुसार सदस्यता फीस 20 जून से 21 जुलाई को शाम पांच बजे तक स्वीकार की जाएगी। चुनाव के लिए मतदान 20 जून की सुबह 9 बजे से शुरू हो जाएगा तो 19 जुलाई को शाम पांच बजे तक रहेगा। इसके पहले मध्यप्रदेश में युवा कांग्रेस के चुनावों के लिए नामांकनों की स्क्रूटनी के बाद उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी हो गई है।
