अहमदाबाद प्लेन हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख
भोपाल। गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टेक ऑफ के दौरान एयर इंडिया का एक विमान क्रैश हो गया। इस घटना में सैकड़ों लोगों के मारे जाने की खबर आ रही है। वहीं कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसे लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दुख जताया हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अहमदाबाद विमान हादसे पर दुख जताया हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि अहमदाबाद में यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। बाबा महाकाल से सभी यात्रियों और विमान दल के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शोक जताया हैं। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद से लंदन (गैटविक) एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के बी 787 ड्रीम-लाइनर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद सूचना प्राप्त हुई! मैं यात्रियों की कुशलता के लिए, प्रभु से प्रार्थना करता हूं!
वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा है कि ‘अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन घड़ी में हम सब मिलकर ईश्वर से यही प्रार्थना करते हैं कि सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हों, और जो लोग घायल हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द राहत और चिकित्सा सहायता मिले।’ कांग्रेस नेता सिंघार ने आगे कहा कि ‘हमारी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। ईश्वर सबकी रक्षा करें, और इस संकट की घड़ी को सबके लिए सहनशील बनाएं।
भाजपा ने किए सभी कार्यक्रम निरस्त
मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 साल पूर्ण होने पर आज प्रदेश भर में आयोजित पत्रकार वार्ताएं, प्रोफेशनल मीट सहित सभी संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं।
