भाजपा की विचारधारा और अब तक यात्रा पर विचार साझा करेंगे शाह
पचमढ़ी शिविर की तैयारियों में जुटी भाजपा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भोपाल। भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार से पचमढ़ी में शुरू हो रहा है, जिसका उद्घाटन सत्र केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होगा। शाह लगभग ढाई घंटे शिविर में रहेंगे और भाजपा की विचारधारा तथा पार्टी की अब तक की यात्रा पर अपने विचार साझा करेंगे।
केन्द्रीय मंत्री अमित शाह पहले भोपाल पहुंचेंगे और यहां से पचमढ़ी के लिए रवाना होंगे। उन्हें पार्टी की रणनीति का चाणक्य माना जाता है, और वे प्रशिक्षण शिविर में जनसंघ से लेकर अब तक भाजपा के संघर्ष और सफलता की कहानी बताएंगे। साथ ही वे सांसदों और विधायकों को संगठन के प्रति समर्पण और मीडिया से दूरी बनाए रखने की सलाह दे सकते हैं। शिविर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेता भी मंच साझा करेंगे। मुख्यमंत्री ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047ः अवसर एवं चुनौती’ विषय पर बोलेंगे और वर्ष 2003 से 2023 तक की राज्य की प्रगति की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करेंगे।
इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने आ रहे मुख्यमंत्री, सांसदों और विधायकों के ठहरने की व्यवस्था पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई है। साथ ही, पुलिस ने पचमढ़ी में दो हजार जवानों की तैनाती की तैयारी कर ली है। आज पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी पचमढ़ी पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेंगे। शिविर में विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों के प्रबंधन, चुनावी नवाचार, और सदनों में प्रभावी भूमिका के टिप्स भी दिए जाएंगे। सभी सांसद और विधायक शुक्रवार से पचमढ़ी पहुंचना शुरू कर देंगे। यह शिविर न केवल भाजपा के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण का अवसर है, बल्कि आगामी चुनावों की रणनीति की दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
तीन ग्रुपों में बांटा सांसदों, विधायकों कोशिविर में सांसद, विधायकों को तीन ग्रुप में बांटा जाएगा। इन ग्रुप में अलग-अलग लोग नेता अपना मार्गदर्शन देंगे। मार्गदर्शन देने वालों में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सीतासरन शर्मा, प्रदीप लारिया जैसे सीनियर विधायक रहेंगे। विधायक और सांसद शुक्रवार से ही यहां पर आना शुरू हो जाएंगे। शिविर के लिए सांसदों, विधायकों के तीन ग्रुप बनाए गए हैं। पहले ग्रुप में पहली और दूसरी बार बने विधायकों का। इस ग्रुप को सांसद सुधीर गुप्ता और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सीतासरन शर्मा टिप्स देंगे। दूसरे ग्रुप में वरिष्ठ विधायकों का। इससे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और विधायक प्रदीप लारिया, हरिशंकर खटीक संवाद करेंगे। वहीं तीसरा ग्रुप सांसदों का होगा, इनमें केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक और दुर्गादास उईके संवाद करेंगे।
