सरकार एमएसपी पर नहीं खरीदेगी मूंग, किसानों में बढ़ी नाराजगी
भारतीय किसान संघ का प्रयास भी अधूरा रहा
भोपाल। प्रदेश में इस समय ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी को लेकर किसानों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। राज्य सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंग की खरीदी नहीं किए जाने के फैसले के विरोध में कई स्थानों पर किसान प्रदर्शन, नारेबाजी और आंदोलन कर रहे हैं। कृषि उपज मंडियों में किसानों को मूंग समर्थन मूल्य से लगभग तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल कम, यानी मात्र ढ़ाई हजार रुपये प्रति क्विंटल तक में बेचना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के बीच मंगलवार देर रात हुई बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया कि सरकार एमएसपी पर मूंग की खरीदी नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निजी व्यापारियों से चर्चा कर मूल्य में सुधार का प्रयास करेगी, लेकिन सरकारी खरीदी नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ किसान मूंग को सुखाने के लिए खरपतवारनाशक जैसे रसायनों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे उपज जहरीली हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी फसल की सरकारी खरीद “अनुचित“ होगी। इस निर्णय के बाद किसान संगठनों में रोष और अधिक बढ़ गया है।
मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी
भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि अभी ज्वलंत मुद्दा मूंग का है। किसान मैदान में हैं। भारतीय किसान संघ सभी तहसील स्तर पर जा रही है, साथ ही सरकार से मांग की जा रहा है कि समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी जल्द से जल्द हो. अगर समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं हुई, तो केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा। आंजना ने कहा कि आज तक मूंग जहरीला होने का कोई प्रमाण नहीं है. जहर तो सरकार बेच रही है. आज मूंग, कल सोयाबीन, परसों चने पर सरकार प्रतिबंध लगाएगी. दलहन और तिलहन को बढ़ावा देने को कहा गया है. दूसरी तरफ प्रतिबंध लगाया जा रहा है. किसान समृद्धि और मजबूत न हो ये राजनेताओं को डर है। सरकार और व्यापारी किसानों को ठग रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर एमएसपी पर मूंग की खरीदी नहीं की तो किसानों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस निकालेगी किसान अधिकार यात्रा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि मूंग खरीदी को लेकर कांग्रेस पार्टी गुरुवार को किसान अधिकार यात्रा निकालेगी। पटवारी ने कहा कि मूंग खरीदी को लेकर गुरुवार से कांग्रेस किसान अधिकार यात्रा निकालेगी. मैं खुद सोहागपुर में इस यात्रा में शामिल रहूंगा और मूंग खरीदी की मांग को लेकर शुरू हो रही किसान अधिकार यात्रा में पदयात्रा करूंगा।
