समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी नहीं की तो किया जाएगा आंदोलन
भोपाल। प्रदेश में मूंग की फसल पककर तैयार हो गई है, लेकिन किसानों को उचित दाम नहीं मिलने के चलते किसान फसल बेचने के लिए तैयार नहीं है। किसानों की इस परेशानी को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की मांग करते हुए मुख्यमंत्री डा मोहन को पत्र लिखा है। इतना ही नही मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतवानी दी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र में लिखा कि जल्द ही समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी शुरू की जाए। नहीं तो कांग्रेस प्रदेशभर में किसान अधिकार यात्रा निकालेगी। साथ ही कोर्ट में याचिका भी दाखिल करेगी। वही उमंग सिंघार ने समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग पर कहा कि प्रदेश के हजारों मूंग किसान समर्थन मूल्य पर खरीदी की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन सरकार मौन है। खुद को किसान हितैषी बताने वाला किसान संघ आज कहां है? किसानों का दर्द अब क्यों नहीं सुनाई दे रहा? लगातार खराब होता मौसम किसानों के लिए संकट बन चुका है। किसानों के वोट से सत्ता में आई सरकार, आज उन्हीं के साथ खड़ी नजर नहीं आ रही।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने इस सीजन के लिए मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8682 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। वहीं, यह मूंग बाजार में मूंग 6 हजार से 7 हजार रुपये प्रति क्विंटल के दाम पर बिक रहा है।
