सांसदों और विधायकों को संवाद और अनुशासन का दिया जाएगा प्रशिक्षण
भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग, अमित शाह करेंगे उद्घाटन
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 14 जून से पचमढ़ी में शुरू होगा, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस वर्ग में मध्यप्रदेश के सभी सांसदों, मंत्रियों और विधायकों को सुशासन, सत्ता-संगठन में समन्वय, संवाद, विचारधारा और अनुशासन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षण वर्ग का पाठ्यक्रम दिल्ली स्थित पार्टी हाईकमान द्वारा तय किया जा रहा है। मप्र भाजपा ने टेंटेटिव पाठ्यक्रम का प्रारूप मंजूरी के लिए भेजा है, जिसे एक-दो दिनों में अंतिम रूप दे दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान सामाजिक शिष्टाचार, नीति निर्धारण, राष्ट्रवाद, मोदी सरकार की उपलब्धियां, ‘विकसित भारत-विकसित मप्र’ का दृष्टिकोण, और पार्टी की कार्यशैली पर विशेष सत्र होंगे। इसके साथ ही, संवेदनशील मुद्दों पर बयानबाजी से बचाव और मीडिया से संवाद में सावधानी बरतने के टिप्स भी दिए जाएंगे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह प्रशिक्षण वर्ग विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि हाल ही में प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री विजय शाह की सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी से पार्टी की छवि पर असर पड़ा है। ऐसे में हाईकमान मध्यप्रदेश पर विशेष फोकस बनाए हुए है और नेतृत्व स्तर पर समन्वय व अनुशासन को लेकर गंभीर है। यह प्रशिक्षण शिविर 14 से 16 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नेताओं के अलावा विषय विशेषज्ञों द्वारा भी सत्र लिए जाएंगे।
