मुख्यमंत्री के छोटे बेटे की हुई सगाई, डा इशिता बनेगी बहू
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव की सगाई खरगोन जिले के सेल्दा गांव की रहने वाली डॉ. इशिता यादव के साथ भोपाल में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस सादे और पारंपरिक समारोह में दोनों परिवारों के परिजन, रिश्तेदार और राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री व अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी पत्नी सीमा यादव के कुल तीन संतानें हैं-दो बेटे और एक बेटी। बड़े बेटे और बेटी का विवाह पहले ही हो चुका है। अब छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु ने पारंपरिक पूजन के बाद डॉ. इशिता को अंगूठी पहनाकर जीवन के नए अध्याय की शुरुआत की।
बता दें कि डॉ. अभिमन्यु यादव ने सर्जरी में मास्टर्स (पीजी) किया है और एक प्रतिभाशाली चिकित्सक एवं समाजसेवी के रूप में जाने जाते हैं। वहीं डॉ. इशिता यादव ने एमबीबीएस की पढ़ाई की है और चिकित्सा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की खुशी
सीएम ने बेटे की सगाई की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा है कि “बाबा श्री महाकाल और गोपाल कृष्ण की परम कृपा और पूज्य पिताश्री और माताश्री के आशीर्वाद से पुत्र चिरंजीवी डॉ. अभिमन्यु यादव की सगाई, खरगोन के दिनेश यादव जी की सुपुत्री डॉ. इशिता यादव के साथ संपन्न हुई। इस पुनीत, पावन मंगल बेला पर सभी वरिष्ठजनों ने आशीर्वाद प्रदान किया, स्वजनों ने बधाइयां दीं, आप सभी का हृदय से आभार, अभिवादन।”
