जिला अध्यक्ष के लिए 45 की उम्र तय, भीतरघातियों की बनेगी सूची
संगठन सृजन अभियान के लिए कांग्रेस संगठन ने सक्रिय किया ऑब्जर्वर्स को
भोपाल। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को गति देने के लिए प्रदेश कांग्रेस संगठन ने इसल रविवार को नियुक्त 165 आब्जर्वर्स को सक्रिय कर दिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई अहम बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने आब्जर्वर्स को निर्देश दिए कि वे जिलों में जाकर संगठन की मजबूती और कमजोरी की रिपोर्ट तैयार करें और स्थानीय कार्यकर्ताओं को उत्साहित करें। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी जुड़े थे।
बैठक में साफ कहा गया कि जिला अध्यक्ष पद के लिए 35 से 45 वर्ष आयु वर्ग के नेताओं को प्राथमिकता दी जाए। दावेदारी करने वाले युवा को पांच साल का संगठन में काम का अनुभव भी होना चाहिए। हालांकि, यह भी निर्देश दिए गए कि यदि कोई 45 वर्ष से अधिक आयु का सशक्त और विचारधारा से जुड़ा कार्यकर्ता है, तो उसे भी विशेष परिस्थितियों में मौका दिया जा सकता है। प्रदेश कांग्रेस ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जिले में कार्यकर्ताओं की बैठक कर जिला अध्यक्ष पद के लिए छह नामों का पैनल तैयार किया जाए। इसके लिए ऑब्जर्वर्स को जल्द से जल्द जिलों में जाकर काम शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।
भीतरघातियों की होगी छंटनी
चुनावों में भितरघात करने वालों पर कांग्रेस इस बार सख्त नजर आ रही है। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने साफ किया कि यदि किसी कार्यकर्ता पर पिछले पांच वर्षों में भीतरघात के प्रमाण मिले हैं, तो ऐसे लोगों को जिला अध्यक्ष पैनल में शामिल न किया जाए। उन्होंने ऑब्जर्वर्स से ऐसे लोगों की सूची तैयार करने को भी कहा।
नेताओं के होटल में रुकने पर रोक
चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी आब्जर्वर किसी नेता के होटल या घर में न रुके और न ही उनके साथ दौरे करें। सभी प्रवास की व्यवस्था एआईसीसी के निर्देश पर की जाएगी। किसी प्रकार की व्यक्तिगत मेहमाननवाज़ी स्वीकार नहीं की जाए।
नियुक्तियों पर भी उठे सवाल
बैठक के दौरान कुछ आब्जर्वर्स की नियुक्तियों को लेकर सवाल भी उठे। सूत्रों की मानें तो कुछ जिलों में बड़े नेताओं की पसंद से आब्जर्वर्स की नियुक्ति हुई है। इस पर हरीश चौधरी ने सफाई दी कि सभी नियुक्तियाँ एआईसीसी द्वारा की गई हैं और सभी आब्जर्वर्स निष्पक्षता व ईमानदारी से कार्य करेंगे।
