नर्मदा परिक्रमा पथ की ग्राम पंचायतों में बनेंगे रेवा आश्रय सामुदायिक भवन
भोपाल। पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि पंचायतों के पंच, सरपंचों अपनी अपनी पंचायत क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधे लगाएं, और जल स्रोतों के संरक्षण के कार्य कराएं। मंत्री पटेल ने कहा कि पंचायतों में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। मंत्री ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा पथ वाली ग्राम पंचायतों में रेवा आश्रय सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे।
मंत्री पटेल आज टिमरनी में सरपंच सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में सरकार ने पंचायतो के अधिकार भी बढ़ाए हैं और खर्च की सीमा भी बढ़ाई है। पंचायतो को विकास कार्यों के लिए पहले से अधिक राशि आवंटित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरपंच ईमानदारी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के नए प्रावधानों के तहत अब पुल पुलिया पहले से अधिक ऊंचाई के बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरदा जिले में 500 से अधिक आबादी की 15 बस्तियां चिन्हित की गई है जहां पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नई सड़कें निर्मित की जाएगी।
मंत्री पटेल ने कहा कि हरदा जिले में 14 नए पुल पुलिया भी इस योजना के तहत निर्मित करने के लिये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 247 नदियों का उद्गम स्थल है। इसके बावजूद प्रदेश के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में कुओं और ट्यूबवेल का जलस्तर गिरता जा रहा है। आज जरूरत जल स्रोतों के संरक्षण और पौधारोपण की है। मंत्री पटेल ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा पथ की पंचायतो में “रेवा आश्रय सामुदायिक भवन“ बनाए जाएंगे।
