जुलाई से दो हजार नए डॉक्टर होंगे नियुक्त
प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगी राहत,
भोपाल। प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जुलाई से प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दो हजार नए डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इसके लिए सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस और पीजी कर चुके बंधपत्रधारी डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पूरी नियुक्ति प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। विभाग ने डॉक्टरों से पोर्टल के जरिए 30-30 स्थानों के विकल्प मांगे हैं। डॉक्टर 12 जून तक अपनी प्राथमिकताएँ पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे, जिसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। चयनित डॉक्टरों की नियुक्ति जुलाई माह में की जाएगी। विभाग ने शुक्रवार से पोर्टल को सक्रिय कर दिया है। डॉक्टरों को लॉगिन आईडी और पासवर्ड उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए हैं। पोर्टल पर जिला और संस्था-वार रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध होगी। डॉक्टर अपनी वरीयता के अनुसार अधिकतम 30 संस्थानों का चयन कर सकेंगे। इसी आधार पर उनकी पोस्टिंग तय होगी। इन नियुक्त डॉक्टरों को राज्य सरकार की ओर से मानदेय दिया जाएगा। पिछले वर्ष यह मानदेय 55 हजार प्रतिमाह निर्धारित था।
अस्पतालों में वर्तमान में डॉक्टरों की स्थिति
चिकित्सा विशेषज्ञ- 4,167 स्वीकृत पदों में से 2,563 पद रिक्त।
मेडिकल ऑफिसर- 5,439 पद स्वीकृत, जिनमें 1,424 पद खाली।
डेंटल सर्जन- 639 पद स्वीकृत, 392 पद रिक्त।
