विजय शाह की बढ़ी मुश्किलें, एसआईटी ने दिया नोटिस
भोपाल। कर्नल सोफिया पर किए विवादित टिप्पणी को लेकर मंत्री विजय शाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। एसआईटी मंत्री को नोटिस भेजकर पूछताछ करेगी। बता दें कि एसआईटी ने जांच की स्टेटस रिपोर्ट में विजय शाह का बयान दर्ज नहीं किया है। जांच के लिए वीडियो सीएफइसएल भेजा गया है।
दरअसल मंत्री विजय शाह ने 12 मई को इंदौर के महू के रायकुंडा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि ‘पाकिस्तानियों ने हमारे देश के लोगों के कपड़े उतारे, लेकिन हमने उनकी समाज की बहन (कर्नल सोफिया कुरैशी) को भेजकर उनकी ऐसी तैसी करवा दी। विजय शाह ने कहा था कि ‘आतंकियों ने कहा था मोदी को बताना कि उन्होंने हमारे हिंदुओं को मारा और उनके कपड़े उतारे। इसलिए मोदी जी ने उनकी बहन को हमारी सेना के जहाज में भेजा, ताकि वह उन्हें सबक सिखा सके।
मंत्री विजय के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश से लेकर पूरे देश में खासा विरोध हुआ। हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए विजय शाह परएफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट के निर्देश पर इंदौर के महू के मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की तीन गंभीर धाराओं 152, 196 (1) (इ) और 197 (1) (ब) के तहत मामला दर्ज किया गया। हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ मंत्री ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भी फटकार लगा दी और 19 मई को सुनवाई में एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार ने आईपीएस आईजी सागर प्रमोद वर्मा, डीआईजी विशेष सशस्त्र बल कल्याण चक्रवर्ती और एसपी डिंडोरी वाहिनी सिंह की टीम बनाई। एसआईटी टीम ने जांच कर आज बुधवार को अपनी रिपोर्ट पेश करते हुए और समय मांगा। अब इस मामले की सुनवाई जुलाई के पहले हफ्ते में होगी।
