10 वीं और 12 वीं द्वितीय परीक्षा के आवेदन-पत्र भरने की तारीख बढ़ी
भोपाल। प्रदेश में 10 वीं और 12 वीं में फेल हुए छात्रों को माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एक और मौका दिया है। मंडल ने दूसरी बार परीक्षा के आवेदन भरने की तारीख बढ़ा दी है।
दरअसल, मुख्य परीक्षा में असफल विद्यार्थी 17 जून से 5 जुलाई तक दूसरी बार परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए माशिम ने परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख बढ़ा दी है। इसके लिए अब 8 जून तक छात्र परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इससे पहले यह तारीख 21 मई और उसके बाद संशोधित करके 31 मई कर दी गई थी। प्रदेश में पहली 10वीं और 12वीं की द्वितीय परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके फॉर्म भरने की तारीख को 8 जून तक कर दिया गया है। इस बार 10वीं की परीक्षा 17 से 26 जून तक और 12 वीं की परीक्षा 17 जून से 5 जुलाई तक सुबह 9 बजे से 12 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक 3.5 लाख छात्रों ने द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन कर दिया है। जब कि इस बार प्रदेश में 10 वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में 5.15 लाख फेल हुए थे। इन असफल छात्रों को एक बार फिर से परीक्षा देने का मौका मिला है। इसके लिए प्रदेशभर में लगभग 1400 परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं।
