शैक्षणिक, व्यावसायिक योग्यता 23 तक अपलोड कर सकेंगे अतिथि शिक्षक
भोपाल। प्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय ने अतिथि शिक्षकों की नियुक्तियों को लेकर समय सारणी जारी कर दी है। शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता 23 मई तक अपलोड कर सकेंगे। एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर सभी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। किसी प्रकार की गलती होने पर ई-केवाईसी अनलॉक कर अपडेट कर सकेंगे। मूल दस्तावेजों के परीक्षण के बाद तत्काल सत्यापन के निर्देश दिए गए है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अतिथि शिक्षक पोर्टल (जीएफएमएस) पर आवेदकों को नवीन पंजीयन और पहले से पंजीकृत आवेदकों को अपनी शैक्षणिक और व्यावसायिक योग्यताओं की प्रविष्टि और संशोधन के निर्देश दिए थे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने समय-सारणी जारी की है। अतिथि शिक्षक एजुकेशन पोर्टल 3.0 के अंतर्गत जीएफएमएस पर नियत समय अवधि पर कार्यवाही करेंगे। अतिथि शिक्षक आवेदकों द्वारा अपनी शैक्षणिक व व्यावसायिक योग्यता और मध्यप्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा से संबंधित दस्तावेज 23 मई तक अपलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही 23 मई तक ही आवेदक की जानकारी में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर ई-केवाईसी अनलॉक कर अपडेट कर सकेंगे। आवेदकों के पंजीयन में दर्ज जानकारी कर संकुल प्राचार्य 24 मई को सत्यापन करेंगे। पहले से पंजीकृत आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर बंद हो जाने की स्थिति में मोबाइल नंबर परिवर्तित करने का कार्य बीईओ और डीईओ के माध्यम से 23 मई को ही किया जाएगा।
