दिल्ली तय करेगा जिला अध्यक्ष, आर्ब्जवर किए नियुक्त
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अब दिल्ली से तय होंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) नामों पर फैसला करेगी। इसके लिए केंद्र और राज्य से दो-दो ऑब्जर्वर की टीम जिलों में भेजी जाएगी। यह टीम पैनल तैयार करेगी। दिल्ली में दावेदारों से बातचीत के बाद नाम फाइनल होंगे। कांग्रेस अपने पदाधिकारियों को प्रशिक्षण भी देगी।
प्रदेश के पांच खाली जिलों के साथ-साथ बाकी जिलों के अध्यक्ष भी एआईसीसी द्वारा तय किए जाएंगे। जिला अध्यक्षों का पैनल बनाने के लिए केंद्र और राज्य दोनों तरफ से दो-दो ऑब्जर्वर की टीम जिलों में भेजी जाएगी। एआईसीसी ने 68 ऑब्जर्वर के नाम तय किए हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी 68 ऑब्जर्वर के नाम तय किए हैं। प्रदेश की ऑब्जर्वर टीम में सभी विधायक और पीसीसी के पदाधिकारी शामिल हैं। यह प्रक्रिया अगले एक सप्ताह में शुरू हो जाएगी। यह टीम सभी जिलों में जाकर नामों का पैनल तैयार करेगी। दिल्ली में जिला अध्यक्ष पद के हर दावेदार से अलग-अलग बात की जाएगी। इसके बाद नाम फाइनल किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी अपने पदाधिकारियों को ट्रेनिंग भी देगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि वे विवादित बयान न दें। कांग्रेस नेताओं को लग रहा है कि भाजपा के नेता लगातार गलत बयान दे रहे हैं। इसलिए वे खुद कोई गलती नहीं करना चाहते हैं। जानकारी मिली है कि कांग्रेस अपने प्रमुख पदाधिकारियों की भोपाल में एक दिन की प्रशिक्षण कराने वाली है। इस प्रशिक्षण में उन्हें बताया जाएगा कि कैसे सोच-समझकर बोलना है।
