सौरभ के करीबी इंस्पेक्टर और 4 आरक्षकों को लोकायुक्त का नोटिस
भोपाल। चर्चित परिवहन घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के मामले में अब उनके करीबी अधिकारियों पर भी शिकंजा कसने लगा है। इससे परिवहन विभाग के आरटीओ में पदस्थ वर्तमान और सेवानिवृत्त अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ हैं।
भोपाल लोकायुक्त पुलिस ने इस जांच के तहत परिवहन विभाग से जुड़े पांच अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें परिवहन इंस्पेक्टर किशोर सिंह बघेल, सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर वीरेश कुमार तुमराम सहित अन्य चार आरक्षक भी शामिल हैं, जो विभिन्न चेक पोस्टों पर तैनात रहे हैं। गौरतलब है कि 9 दिसंबर 2024 को सौरभ शर्मा के भोपाल स्थित आवास पर लोकायुक्त पुलिस ने छापेमारी की थी। छापे में आयकर विभाग की टीम ने एक लग्जरी कार से 11 करोड़ रुपए नकद और 52 किलो सोना बरामद किया था। इस खुलासे के बाद प्रदेश की सियासत में हड़कंप मच गया था, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
अब तक मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और लोकायुक्त के साथ-साथ ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) भी जांच में जुटी हैं। पूछताछ के दौरान लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद की गई संपत्ति असल में किसकी है। विपक्ष ने मामले में परिवहन मंत्री और सरकार पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं।
