उमा भारती ने कहा परिवहन घोटाला गंभीर मसला
जांच एजेंसियों के लिए है परीक्षा की घड़ी
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक बार फिर मध्य प्रदेश के चर्चित परिवहन घोटाले को लेकर अंदेशा जताया है। उन्होंने कहा कि ये घोटाला एक गंभीर मसला हो सकता है। उमा भारती ने कहा कि अब ये इसकी जांच में लगी एजेंसियों की जवाबदारी है, उनके लिए परीक्षा की घड़ी है।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके एक बार फिर मध्य प्रदेश के चर्चित परिवहन घोटाले को लेकर अंदेशा जताया है। उमा भारती ने कहा है कि चेक पोस्ट घोटाले के आरोपी पकड़े गए हैं? अगर जांच में कहीं ये सही साबित होता है कि इन्होंने अकेले ही यह घोटाले किए हैं, तो फिर गहराई में जाने पर ये घोटाला गंभीर मसला हो सकता है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां जांच में लगी हैं। उनकी दक्षता एवं निष्पक्षता पर लोगों को विश्वास है। अब उन जांच एजेसियों के लिए ये परीक्षा की घड़ी है कि वे यह बात यहीं खत्म कर देते हैं, या गहराई में जाकर असली अपराधियों को पकड़ कर प्रमाण जुटा कर उन्हें कठोर दंड दिला देते हैं।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर उमा भारती द्वारा की गई पोस्ट के पहले उन्होंने कहा था कि जिस घोटाले में सिपाही करोड़ों बनाकर ले गया। उसमें अधिकारियों और नेताओं की तो सोचिए। उमा ने कहा था कि मुझे तो ये व्यापम से भी बड़ा मामला बनता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा था कि सौरभ शर्मा तो इस मामले में चूहा है, बिल से अजगर का बाहर आना तो अभी बाकी है।
नेता प्रतिपक्ष ने जांच पर खड़े किए सवाल
पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा की हो रही जांच पर विधान सभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मीडिया से चर्चा करते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। उमंग सिंघार ने कहा कि सौरभ शर्मा मामले में लग रहा है कि खोदा पहाड़ और निकली चुहिया। बड़े मगरमच्छ कहां गए ? जांच में इतनी चीजें सामने आईं उस पर संज्ञान क्यों नही लिया जा रहा है क्या इसमें मंत्री इन्वॉल्व नहीं है ? इसकी जांच करनी चाहिए। सरकार इतने घोटाले कर रही है कि वो चाहती ही नहीं कि सदन में श्वेत पत्र और लोकायुक्त प्रतिवेदन चर्चा में आए।
सौरभ से जेल में पूछताछ की ईडी की टीम ने
पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा से पूछताछ करने ईडी की टीम जेल पहुंची। सूत्रों की मानें तो ईडी की टीम को पूछताछ के बाद कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं। ये टीम भोपाल के केंद्रीय जेल पहुंची थी। प्रवर्तन निदेशालय ईडी की टीम जल्द ही इस मामले पर बड़ा खुलासा कर सकती है। पूछताछ करने वाली ईडी की टीम में पांच अधिकारी शामिल थे। करोड़ों रुपये की काली कमाई, विदेशी निवेश, मनी लॉन्ड्रिंग के केस से जुड़े मामलों को लेकर अधिकारियों ने पूछताछ की। बता दें, पूर्व में एक कार में सोना, करोड़ों रुपये की नकदी मिलने के बाद सौरभ शर्मा का नाम चर्चा में आया था. खास बात ये है कि पहली बार किसी केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूछताछ शुरू की है।
