गणतंत्र दिवस की परेड का किया अंतिम अभ्यास
पुलिस महानिदेशक ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
भोपाल। प्रदेश में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। मुख्य समारोह 26 जनवरी को प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में लाल परेड मैदान में प्रातः 9 बजे आयोजित होगा। गणतंत्र दिवस समारोह में निकलने वाली संयुक्त परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अंतिम अभ्यास शुक्रवार को लाल परेड मैदान पर किया गया। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने परेड एवं समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल के दौरान सातवीं बटालियन के प्रधान आरक्षक रामचन्द्र सिंह कुशवाहा ने प्रतीक स्वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। हर्ष फायर के बीच पुलिस बैंड ने निरीक्षक सुनील कटारे के निर्देशन में “जन गण मन“ की धुन बजाई। मुख्य अतिथि के संदेश का प्रतीक स्वरूप वाचन भी किया गया। हर्ष फायर के बाद पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच आकर्षक संयुक्त परेड निकाली गई। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2022 बैच के अधिकारी एसीपी इंदौर करणदीप सिंह ने किया। परेड टू आई सी का दायित्व उप पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार सोनी ने निभाया। संयुक्त परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, अश्वारोही दल व श्वान दस्ते सहित 20 टुकड़ियां शामिल थीं।
परेड में शामिल होंगी 22 झांकियां
गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान उद्यानिकी विभाग, आयुष विभाग, उद्योग विभाग, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग, खेल और युवा कल्याण विभाग, गृह विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, जेल विभाग, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, पर्यटन विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, वन विभाग, सहकारिता विभाग एवं संस्कृति विभाग की झांकियां प्रतिभाग करेंगी।
