बालिका से दुष्कर्म, स्कूल किया शील, जांच समिति बनाई
भोपाल। राजधानी भोपाल के एक निजी स्कूल में 3 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामले को लेकर सरकार ने कड़ा रूख अपनाया है। जिला प्रशासन ने स्कूल को सील कर दिया है और स्कूल की मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया पर भी बात की जा रही है। वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम की अध्यक्षता में एक 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए भी वल्लभ भवन में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ स्कूल की मान्यता रद्द करने पर विचार किया गया। हालांकि फिलहाल स्कूल को सील किया गया है और इसके प्रवेश द्वार पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। वहीं दूसरी और इस घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को दूसरे स्कूलों में शिफ्ट करने की योजना पर भी विचार हो रहा है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की शिक्षा में किसी तरह की रुकावट न आए, इसके लिए जल्द ही वैकल्पिक उपायों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार एसडीएम की अध्यक्षता वाली इस 5 सदस्यीय जांच समिति में जिला शिक्षा अधिकारी और बाल विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी शामिल हैं। दरअसल इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
