14 साल से प्रशासकों के भरोसे मंडियां, किसान संघ ने उठाई चुनाव की मांग
भारतीय किसान संघ ने कहा लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल हो
भोपाल। प्रदेश में सहकारी समितियों के चुनाव एक साल के लिए टलने के बाद अब कृषि उपज मंडी समितियों के चुनाव कराने की मांग तेज हो गई है। भारतीय किसान संघ ने राज्य सरकार से प्रदेश की मंडियों में जल्द चुनाव कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि वर्ष 2012 के बाद से मंडी समितियों के चुनाव नहीं हुए हैं। करीब 14 साल से मंडियों का संचालन प्रशासकों के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे मंडियों में किसानों का निर्वाचित प्रतिनिधित्व पूरी तरह समाप्त हो गया है।
भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने कहा कि मंडियों में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करना बेहद जरूरी है। किसानों की जमीनी समस्याओं को समझने और उनके त्वरित समाधान के लिए मंडी समितियों में किसानों के चुने हुए प्रतिनिधि होने चाहिए। संघ का आरोप है कि प्रदेश की कई मंडियों में नीलामी, तुलाई और भुगतान से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके अलावा शेड, गोदाम और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़े फैसलों में भी अनावश्यक देरी होती है। संघ के अनुसार, प्रशासनिक अधिकारियों के पास कई अन्य जिम्मेदारियां होती हैं, जिससे किसानों के साथ उनका सीधा संवाद प्रभावी नहीं हो पाता। निर्वाचित प्रतिनिधि न होने के कारण किसानों की समस्याओं को उठाने वाला मंच कमजोर पड़ गया है।
2019 में भंग हुई थीं निर्वाचित समितियां
मध्य प्रदेश में कृषि उपज मंडी समितियों के चुनाव आखिरी बार वर्ष 2012 में हुए थे। इन निर्वाचित समितियों का कार्यकाल वर्ष 2017 में पूरा होना था, लेकिन सूखे और सरकारी खरीदी जैसे कारणों का हवाला देकर चुनाव टाल दिए गए। बाद में विधानसभा और लोकसभा चुनावों के चलते प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अंततः जनवरी 2019 में निर्वाचित मंडी समितियों को भंग कर मंडियों की जिम्मेदारी प्रशासकों को सौंप दी गई, जो अब तक जारी है।
