साफ पानी और गोमांस मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन
नगर निगम कार्यालय का घेराव, महापौर का प्रतीकात्मक पुतला दहन
भोपाल। राजधानी भोपाल में साफ पानी की आपूर्ति और गोमांस से जुड़े मामलों को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन पर हमला बोला। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आईएसबीटी स्थित नगर निगम कार्यालय का घेराव कर महापौर और एमआईसी सदस्यों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झूमरवाला के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता महापौर का प्रतीकात्मक 11 सिर वाला कटआउट लेकर पहुंचे। इसके बाद महापौर मालती राय और एमआईसी सदस्यों का रावण रूपी पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जबकि पूरे क्षेत्र में नारेबाजी गूंजती रही। प्रदर्शन में गोमांस प्रकरण को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना ने आरोप लगाया कि नगर निगम और संबंधित विभागों की लापरवाही के चलते यह गंभीर मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक कंटेनर से बड़ी मात्रा में मांस मिलने के बाद भी प्रारंभिक स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में जांच में गोवंश वध और मांस के अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर प्रकरण दर्ज किया गया।
भोपाल में भी इंदौर जैसी घटना का खतरा
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि इंदौर में दूषित पानी से 33 लोगों की मौत के बाद भी भोपाल नगर निगम सबक नहीं ले रहा है। शहर के कई इलाकों में सीवेज और पेयजल लाइनें पास-पास होने से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। आरोप लगाया गया कि वार्ड स्तर पर होने वाली जल-सुनवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और नाले के पानी को भी पीने योग्य बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा जा रहा है।
