कांग्रेस संभाग और जिले में दो प्रवक्ता करेगी नियुक्त
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में कसावट के बाद अब पार्टी अपने प्रचार तंत्र को धार देने की तैयारी की है। दिल्ली दरबार से मिले सख्त निर्देशों के बाद प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग में प्रवक्ताओं की लंबी-चौड़ी लिस्ट को छांटकर अब बेहद सीमित और प्रभावी बनाया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य भीड़ के बजाय क्वालिटी पर ध्यान केंद्रित करना है, ताकि भाजपा के वार का सधा हुआ जवाब दिया जा सके।
प्रदेश स्तर पर अब प्रवक्ताओं की संख्या को सीमित कर केवल 20 किया जा रहा है। ये वे चेहरे होंगे जो विषय विशेषज्ञ होने के साथ-साथ टीवी डिबेट और प्रेस वार्ताओं में पार्टी का पक्ष मजबूती से रख सकें। पार्टी ने अब हर जिले और संभाग में अधिकतम दो प्रवक्ता नियुक्त करने का फैसला लिया है। इससे संदेश में स्पष्टता और एकरूपता बनी रहेगी। गौरतलब है कि सप्ताह भर पहले ही पुरानी मीडिया टीम को भंग कर दिया गया था। नई टीम के गठन की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है।
